Yuvaa voice:
मोंठ। थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध मिट्टी खनन पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त छापेमारी की। कार्यवाही की खबर मिलते ही खनन माफिया मौके से भाग निकले, लेकिन प्रशासन ने कार्यवाही करते हुए एक एलएनटी मशीन को जब्त कर लिया। इस दौरान कई ट्रक अवैध मिट्टी लेकर दूसरे रास्तों से भागते नजर आए। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार दीपक कुमार ने मशीन को अपने कब्जे में ले लिया और आगे की जांच शुरू कर दी है।
-खनन माफियाओं ने खोदी मौत की खाई
खिरिया घाट के पास अवैध खनन बड़े पैमाने पर चल रहा था, जहां माफियाओं ने प्रशासन की आँखों में धूल झोंकते हुए गहरे गड्ढे बना दिए। भारी-भरकम मशीनों से मिट्टी निकालकर उसे ऊँचे दामों पर बेचा जा रहा था। प्रशासन से किसी भी प्रकार की अनुमति लिए बिना यह काम धड़ल्ले से किया जा रहा था। जब प्रशासन को इस अवैध खनन की जानकारी मिली तो पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर छापा मारा, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
-हरे-भरे वृक्षों को भी बनाया निशाना
खनन माफिया केवल मिट्टी निकालने तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उन्होंने इलाके में लगे हरे-भरे वृक्षों को भी उखाड़ फेंका। अब इस मामले में वन विभाग भी सख्त हो गया है। मौके पर नीम के दर्जनों पेड़ उखड़े हुए पाए गए। उपवन क्षेत्राधिकारी संदीप रविकुल ने पूरे मामले को संज्ञान में लेते हुए अवैध रूप से उखाड़े गए वृक्षों पर कार्यवाही करने की बात कही है। वन विभाग जल्द ही पूरे क्षेत्र का सर्वे करेगा और नुकसान का आकलन करेगा।
-लंबे समय से चल रहा था अवैध खनन
सूत्रों के अनुसार, खनन माफिया कई महीनों से इस अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे। मिट्टी को ट्रकों में भरकर ऊँचे दामों में बेचा जा रहा था, जिससे राजस्व को भारी नुकसान हो रहा था। प्रशासन की ओर से अब इस पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है, जिससे माफियाओं पर लगाम लगाई जा सके।
एसडीएम ने कहा...
उक्त प्रकरण में एसडीएम प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि खिरिया घाट के नज़दीक मिट्टी का खनन होने की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्यवाही में अवैध खनन करती पोकलैंड मशीन को जब्त कर लिया, जिसे मोंठ थाने लाया जा रहा है। सूचना खनन विभाग को भेज अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।"
By: Manoj Kumar niralaa




