Yuvaa voice:
मोंठ। थाना क्षेत्र में ग्राम अमरा नेशनल हाईवे पार करते वक्त अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल जा रहे एक चूड़ी के दुकानदार की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को मोर्चरी हाउस झांसी भेज दिया।
बताया गया कि मोंठ थाना क्षेत्र के ग्राम अमरा निवासी करीब 57 बर्षीय सुरेंद्र लखेरा पुत्र रामस्वरूप की गांव में ही एक चूड़ी की दुकान है। जिसका सामान खरीदने वह फिरोजाबाद अपनी पत्नी भीमा देवी के साथ गया हुआ था। शनिवार रात करीब 8:00 बजे वहां से खरीद कर ग्राम अमरा के हाईवे पर उतरा। वह जैसे ही पैदल चलकर हाईवे पार करने लगा, कानपुर से झांसी की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह हाईवे पर गिरकर घायल हो गया। उसकी पत्नी ने चिल्लाकर आस-पास के दुकानदारों को बुलाया। कुछ देर बाद परिजन भी एकत्रित हो गये। उन्होंने निजी वाहन से घायल को मोंठ सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गयी।
स्वास्थ्य विभाग ने यह सूचना पुलिस को भेज दी। सूचना पर पहुंचे अतिरिक्त निरीक्षक कमल प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अशोक कुमार ने शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर शव-गृह झांसी भेज दिया।
बताया गया है कि सुरेंद्र चूड़ी की दुकान चला कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। आसपास के गांव में फेरी करके चूड़ियां बेचता था। उसका बड़ा बेटा सौरभ (22) और छोटा गौरव (20) पढ़ाई करते हैं। मृतक का परिवार भूमिहीन है। उसकी चार बेटियां, अनुराधा माधुरी की शादी हुई शादी हो चुकी है, तथा चेतना और बर्षा की शादी के लिए वह एक-एक पाई जोड़ रहा था।
