Yuvaa voice:
झांसी। शनिवार को अटेवा पेंशन बचाओ मंच, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के आवाहन पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर पेंशन शहीद रामाशीष सिंह की श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसी क्रम में झांसी के के.सी.पी. इंटर कॉलेज मोंठ में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन पेंशन बहाली आंदोलन के तहत किया गया। ज्ञात हो कि 7 दिसंबर 2016 को लखनऊ में विधानसभा घेराव के दौरान आंदोलन के समर्थन में शामिल रामाशीष सिंह पुलिस की लाठीचार्ज का शिकार हो गए थे और अपनी जान गंवा दी थी। उनकी शहादत को याद करते हुए हर बर्ष अटेवा परिवार श्रद्धांजलि सभा का आयोजन करता है।
सभा की शुरुआत पेंशन शहीद रामाशीष सिंह के चित्र पर तिलक और फूल-माला अर्पित कर की गई। उपस्थित शिक्षक और कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन बहाली के लिए अपने संकल्प को दोहराया। सभा में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की गई कि देश और प्रदेश के सभी पेंशनविहीन शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को पुनः लागू किया जाए।
कार्यक्रम में के.सी.पी. इंटर कॉलेज मोंठ के प्रधानाचार्य संजय राठौर, आदर्श इंटर कॉलेज मोंठ के प्रधानाचार्य विनोद कुमार अहिरवार, शैलेंद्र खरे, सतीश द्विवेदी, सोमनाथ सिंह, गोपाल सिंह यादव, शिवदत्त मिश्र, दिनेश यादव, राहुल शर्मा, संतोष सिंह, मीनू और पूनम समेत कई शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली के लिए संघर्ष को तेज करने का संकल्प लिया।
By: Manoj Kumar niralaa
