Yuvaa voice:
मोंठ। थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम ग्राम बकुवां नहर के नजदीक दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। जिसमें एक बाइक पर सवार तीन विद्यार्थी घायल हो गए तथा दूसरी पर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई,वहीं दो अन्य बच्चे भी घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस ने घायलों को मोंठ सीएचसी में भर्ती कराया, घायलों को झांसी रेफर कर दिया गया। पुलिस मृतक के पोस्टमार्टम और अग्रिम कार्यवाही में जुट गई, वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया।
बताया गया है कि शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पसैया में रहने वाले आशीष (15) पुत्र विजय अपनी बहिन पिंकी (17) तथा चचेरी बहिन दीक्षा (18) पुत्री अरविंद के साथ मोंठ स्थित एक कोचिंग में पढ़ने आये हुए थे। वह तीनों एक बाइक पर सवार होकर मोंठ-भांडेर मार्ग होते हुए अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह मोंठ थाना क्षेत्र में ग्राम बकुवां नहर से थोड़ी ही आगे पहुंचे, पुलिया के पास सामने से आ रही एक बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गयी। दूसरी बाइक पर भांडेर के हसापुर निवासी रामकुमार आदिवासी (30) उसकी भांजी लक्ष्मी (17) तथा भांजा 6 बर्षीय महावीर सवार थे, जो मोंठ क्षेत्र के ग्राम बम्हरौली में जा रहे थे। दोनों मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर में सभी 6 लोग सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। राहगीरों ने इसकी सूचना तत्काल मोंठ पुलिस को दी।
कोतवाली मोंठ के अतिरिक्त निरीक्षक कमल प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक वंदना कश्यप तथा डायल 112 टीम ने पहुंचकर घायलों को पुलिस वाहन तथा 108 एंबुलेंस के माध्यम से मोंठ सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने रामकुमार आदिवासी को मृत घोषित कर दिया। वहीं पांचों बच्चों को प्राथमिक उपचार देकर झांसी रेफर कर दिया है।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी। दोनों बाइकों को अपने कब्जे में ले लिया और यातायात सुचारु कराया।
जानकारी के अनुसार, आशीष कक्षा दसवीं, पिंकी कक्षा 12वीं तथा दीक्षा बीए की छात्रा है। यह तीनों मोंठ की एक निजी कोचिंग में पढ़ाई करके अपने गांव पसैया लौट कर जा रहे थे।
वहीं, रामकुमार अपनी भांजी लक्ष्मी और भांजे महावीर को बाइक से ग्राम बम्हरौली अपनी ससुराल में छोड़ने आ रहा था। मृतक रामकुमार का एक बेटा तथा दो बेटियां हैं, किसी की भी शादी नहीं हुई है। उसकी मौत से परिजनों में मातम छा गया।
By: Manoj Kumar niralaa



