Yuvaa voice:
मोंठ। थाना क्षेत्र में शनिवार शाम कुम्हरार हाइवे ओवरब्रिज पर आगे जा रहे ट्रक से एक कार टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। जिसमें सवार पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया। घटना तब हुई जब दो वाहनों से करीब एक दर्जन लोग अहमदाबाद से जौनपुर जा रहे थे।
बताया गया है कि अहमदाबाद से दो कार में सवार होकर करीब 11 लोग झांसी कानपुर हाईवे से, सगाई समारोह में सम्मिलित होने जौनपुर जा रहे थे। उनकी कार जैसे ही मोंठ थाना क्षेत्र में कुम्हरार हाईवे ओवरब्रिज के ऊपर पहुंची। अप्रत्याशित रूप से आगे जा रहे ट्रक से टकराकर, पीछे फंस गयी और करीब सौ मीटर तक घसिटते गयी। एक ढा़बा के सामने ट्रक चालक ने ब्रेक लगाए।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना प्रभारी निरीक्षक सरिता मिश्रा को दी। सूचना पर अतिरिक्त निरीक्षक कमल प्रताप सिंह, एसआई अशोक कुमार, वन्दना कश्यप, राजेन्द्र सिंह ने पुलिस बल के साथ पहुंच कर घायलों को पुलिस वाहन तथा 108 एम्बुलेन्स से सीएचसी भेजा। समाजसेवी कृष्ण कुमार केके सर कुछ घायलों को निजी वाहन से स्वास्थ्य केन्द्र ले गये।
सीएचसी में आस्था (16) पुत्री प्रमोद, सेजल (18) पुत्री प्रमोद, माधुरी (40) पत्नी शशिकांत, रिंकी (38) पत्नी प्रमोद तथा सन्तराम (48) को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर हालत नाजुक होने पर झांसी रेफर कर दिया है।
उक्त घायलों के अलावा कम घायल इंद्रदेव पुत्र कृष्ण देव भी घटनाग्रस्त हुई कार से सवार थे। वहीं दूसरी कार में हर्ष, सुधा, रिया, प्रमोद और कृष्ण देव जा रहे थे।
इंद्रदेव ने बताया कि वह गुजरात के अहमदाबाद में रहकर व्यापार करते हैं। अपने परिवार के साथ जौनपुर जनपद में विंध्याचल थाना क्षेत्र के ग्राम बादलपुर में एक सगाई समारोह में सम्मिलित होने जा रहे थे।
बताया कि घटना के बाद हाईवे पर करीब 20 मिनट तक जाम लग रहा, पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए भेज हाईवे से वाहनों को हटवाया और जाम खुलवाया।
By: Manoj Kumar niralaa



