पूंछ। थाना क्षेत्र में शनिवार को चोरी, लूट, डकैती जैसे संगीत अपराधों को अंजाम देने की योजना बनाते तीन युवकों को पूंछ पुलिस की सक्रियता के चलते गिरफ्तार कर लिया गया। जिनके पास से तमंचा कारतूस सहित अन्य सामान बरामद मत हुआ। बताया गया है कि शनिवार करीब 11:30 बजे थाना अध्यक्ष अरुण कुमार तिवारी हमराह पुलिस बल के साथ क्षेत्र में अपराध की रोकथाम के लिए गस्त कर रहे थे। इसी दौरान उनके मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि ढ़ेरी की पुलिया के नजदीक एक निर्माणाधीन मकान में कुछ लोग असलहा आदि लेकर संगीन घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर सक्रियता दिखाते हुए थाना प्रभारी अरुण कुमार तिवारी ने बताए गए निर्माणाधीन मकान को घेर लिया और तीन युवकों को पकड़ लिया।
पूछताछ में उन्होंने अपने परिचय 21 बर्षीय फैजान पुत्र गफ्फार, 19 बर्षीय सिकंदर पुत्र शरीफ, 19 बर्षीय सरफराज पुत्र राजू समस्त निवासीगण थाना व कस्बा अकबरपुर कानपुर देहात के रूप में दिया। जब पुलिस टीम ने उनकी तलाशी ली तो उनके पास से एक 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस, 2 बेलचा, दो चाबियों के गुच्छे, एक बड़ी चाबी बरामद हुई। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की 399/401 और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना अध्यक्ष अरुण कुमार तिवारी के साथ उप निरीक्षक महेशचंद्र, हेड कांस्टेबल सदानंद यादव, कांस्टेबल योगेंद्र सिंह, सुरजीत सिंह, अंकित कुमार शामिल थे।
