Yuvaa voice:
झांसी। मोंठ नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि और पार्षदों के बीच विवाद की स्थिति थमने का नाम नहीं ले रही। कस्बा में मनमाने ढंग से नाला खोदने का विरोध करना पार्षद पति को भारी पड़ गया। पार्षद पति राजेश कुरैशी ने आरोप लगाया कि चेयरमैन प्रतिनिधि उसे जेसीबी से कुचल कर जान से मारने वाला था। राजेश ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की है। इसी के साथ एक ऑडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें चेयरमैन प्रतिनिधि पार्षदों के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा है।
मोंठ नगर पंचायत के वार्ड नंबर 9 मदारगंज मोहल्ला के पार्षदपति राज मोहम्मद उर्फ राजेश ने मोंठ पुलिस को लिखित तस्वीर देकर बताया- विगत सोमवार को मदारगंज मोहल्ला में चेयरमैन प्रतिनिधि बीच सड़क में जेसीबी से नाला खुदवा रहा था। वार्ड 9 की पार्षद और राजेश की पत्नी के बीमार होने के कारण राजेश ने जब मौके पर देखा तो सड़क के बीच नाला खोदा जा रहा था। पार्षद पति राजेश कुरैशी ने बीच सड़क में नाला खोदने से मना करते हुए कहा कि यह मोहल्ले की मुख्य सड़क है और इसके बीच नाल खोदने से सड़क संकरी हो जाएगी। इतना सुनते ही नगर अध्यक्ष का प्रतिनिधि आग बबूला होकर राजेश के साथ गाली-गलौज करने लगा। पार्षदों को उसके काम में दखल देने का विरोध किया। प्रार्थी ने लिखा- चेयरमैन प्रतिनिधि उसे पीटने के लिए झपटा। जेसीबी के ड्राइवर से राजेश के ऊपर जेसीबी चढ़ाने के लिए कहने लगा। राजेश कुरैशी का आरोप है कि जब ड्राइवर ने यह करने से मना किया तो वह स्वयं जेसीबी चलाते हुए जान से मारने की नीयत से राजेश की और बढ़ा जो देखकर प्रार्थी के पुत्र ने उसे खींच लिया और वह बाल-बाल बच गया। कुछ समय बाद अध्यक्ष प्रतिनिधि कुछ अन्य लोगों के साथ घर आकर कहने लगा कि उक्त घटना की शिकायत की तो जान से मार देंगे। कुरैशी ने बताया कि चेयरमैन प्रतिनिधि के विरुद्ध कई गंभीर मामले दर्ज हैं, जो कभी भी उसके या उसके परिवार के साथ कोई भी अप्रिय घटना कारित कर सकता है। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कर उचित कार्यवाही की मांग की है। वहीं पुलिस भी मामले की सत्यता और जांच सहित कार्यवाही में जुटी है।
-
इसी के साथ पार्षदों और चेयरमैन प्रतिनिधि के बीच हो रही बहस का एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है। जिसमें सुना जा सकता है कि अध्यक्ष प्रतिनिधि पार्षदों को गाली-गलौज और जानवर की धमकी दे रहा है।
