Yuvaa voice:
झांसी। समथर थाना क्षेत्र के ग्राम कुइया में कुछ दबंगों ने घर में घुसकर जातिसूचक गालियां देते हुए एक पति-पत्नी के साथ मारपीट कर दी। पत्नी के गले से सोने का मंगलसूत्र एवं ओम का लॉकेट छीन लिया। थाना पर सुनवाई न होने के बाद पीड़ितों ने पुलिस क्षेत्राधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।
समथर क्षेत्र के ग्राम कुइया निवासी जयंती पत्नी कालीचरण ने CO से शिकायत करते हुए बताया- "विगत 23 नवंबर की देर रात पति के साथ अपने घर पर थी। उसके रिश्तेदार घर के सामने ट्रैक्टर खड़ा कर गये थे। जिस कारण वह घर का दरवाजा खोलकर सो रही थी। इसी दौरान गांव का एक दबंग युवक कई अज्ञात लोगों के साथ आया और उसके पति के साथ जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट करने लगे। पति को पिटता देख प्रार्थिया बीच-बचाव करने पहुंची तो दबंगों ने उसके साथ भी लात-घूसों से मारपीट कर दी। उसके गले का मंगलसूत्र और ओम का लॉकेट छीन लिया। इसके बाद पति को जातिसूचक गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। बताया कि उक्त दबंग प्रवृत्ति के लोग हैं, जो गांव में आए दिन लड़ाई झगड़ा करते रहते हैं। उसके परिवार को परेशान करते हैं।
जब पीड़िता ने समथर पुलिस से शिकायत की तो उस पर कोई कार्यवाही नहीं की गई। उसने पुलिस क्षेत्राधिकारी से शिकायत कर दबंगों के खिलाफ उचित कार्यवाही की मांग की है।
--
उक्त मामले में थानाध्यक्ष समथर प्रदीप कुमार ने कहा- "ग्राम कुइया में लड़ाई-झगड़े की शिकायत प्राप्त हुई है। जिसके आधार पर जांच एवं अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

