Yuvaa voice:
झांसी। समथर थाना क्षेत्र में दिव्यांग दलित दंपति के साथ दबंग बार-बार मारपीट कर रहे हैं। जब पहली बार उनके खेत में पानी भरा तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की तो दबंगों ने उन्हें पीट दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने दबंगों पर शांति भंग की कार्यवाही की। जिससे गुस्साए दबंगों ने फिर दोनों के साथ मारपीट की। दूसरी बार मारपीट की शिकायत के बाद दबंगों ने रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाया। विरोध करने पर तीसरी बार भी लाठी-डंडे चला दिए। दोनों दिव्यांग पति-पत्नी अधिकारियों से न्याय की गुहार लग रहे हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकार को लिखित तहरीर देकर ग्राम बुढ़ावली निवासी चंदा देवी ने बताया- "उसका खेत समथर क्षेत्र के ग्राम लावन मौजा में है। जिसमें वहां के कुछ दबंगों ने पानी भर दिया था। जब शिकायत करने उसका पति धर्मेंद्र उनके घर पहुंचा तो उसके साथ जातिसूचक गालियां देते हुए मारपीट कर दी थी। उन्होंने मारपीट की शिकायत पुलिस से कर दी तो पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्यवाही की थी। जिससे क्षुब्ध होकर दबंगों ने दंपति को खेत पर अकेला पाया और उन्हें पीट दिया था। उन्होंने दूसरी बार भी शिकायत की।
बताया कि "विगत 1 नवंबर को जब वह अपने खेत पर जा रही थी। तभी उक्त दबंगों ने उसे रास्ते में रोक लिया और भद्दी-भद्दी जातिसूचक गालियां देने लगे। रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाया, जब उसने मना किया तो उसपर लाठी-डंडे चला दिए। जब चीख-पुकार सुनकर उसका पति धर्मेंद्र बीच बचाव करने आया तो उसे भी जमकर पीटा।"
सीओ से शिकायत करने आए पीड़ित दिव्यांग दंपति ने बताया- "उनके साथ बार-बार अन्याय हो रहा है। वह दबंगों से अत्यंत भयभीत हैं। उन्हें और उनके परिवार को जान माल का खतरा है। उन्होंने कहा कि वह असहाय और दोनों पति-पत्नी दिव्यांग है। पुलिस क्षेत्राधिकार से एक बार फिर न्याय की गुहार लगाई है।
By: Manoj Kumar niralaa

