Yuvaa voice:
झांसी। मोंठ थाना क्षेत्र में पत्नी से पीड़ित पति थाने के चक्कर काट रहा है। वह मजदूरी करने परदेश गया था, इतने में ही उसकी पत्नी गहने और नकदी लेकर मायके भाग गई। पत्नी का कहना है कि अगर मेरे साथ रहना है तो जमीन मेरे नाम करनी होगी। ऐसे आरोप लगाते हुए क्षेत्र के ग्राम पथर्रा निवासी राहुल वंशकार ने बताया कि विगत करीब आठ माह पहले उसके और उसकी पत्नी के बीच छोटी सी बात को लेकर अनबन हुई थी, जल्द ही वह मामला शांत भी हो गया।
सब ठीक चल रहा था कि घर की माली हालत कमजोर देखकर वह बाहर मजदूरी करने चला गया। इधर, उसकी पत्नी ने मौका पाकर अपने पिता को बुलाया और घर में रखा सभी सोने-चांदी का जेवरात और करीब 45,000 रुपए नकदी लेकर मायके भाग गई। इधर राहुल घर आया तो उसके दो बच्चे और पत्नी घर पर नहीं थे। उसने जानकारी की तो पता चला कि उसकी पत्नी मायके चली गई है। जब उसने संपर्क किया तो पत्नी कहने लगी कि वह अपने मायके है और कुछ महीनो में वापस आ जाएगी।
इधर घर के हालातो से मजबूर राहुल फिर से मजदूरी करने निकल गया। फिर क्या था, करीब 15 दिन पहले उसकी पत्नी के मायके वाले आए और राहुल के घर से करीब 8 बकरियां ले गए। फिर काम से लौट कर जब राहुल घर आया तो उसने गांव में जानकारी की, तब पता चला कि बकरियां उसके ससुराल पहुंच चुकी हैं। राहुल ने संपर्क किया तो इस बार उसकी पत्नी के हाव-भाव ही बदले नजर आ रहे थे। पत्नी ने खुले तौर पर कह दिया कि अगर मेरे साथ रहना है तो अपनी पूरी जमीन मेरे नाम करनी होगी। इतना सुनते ही राहुल के पैरों तले जमीन खिसक गई।
उसने पत्नी से कहा- "तुम घर के हालातो से वाकिफ हो। हम किसी तरह मजदूरी करके और अपनी जमीन से अपना पेट पालते हैं।" उसकी पत्नी ने राहुल की एक न सुनी। वह अपनी पत्नी को मना ही रहा था कि मायके वालों ने गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। धमकी देकर कहा कि "अगर वह अपने बीवी बच्चों को लेने आया तो उसके साथ अच्छा नहीं होगा, जान से मार देंगे।" पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
By: Manoj Kumar niralaa
