Yuvaa voice:
झांसी। मोंठ थाना क्षेत्र में कुछ अज्ञात चोरों ने एक पुलिस वाले के मकान को निशाना बनाकर लाखों के सोने-चांदी के जेबरात और नकदी चोरी कर लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
क्षेत्र के ग्राम कुम्हरार में उत्तर प्रदेश पुलिस के कांस्टेबल आनंद परिहार पुत्र स्वर्गीय दिनेश परिहार का दो मंजिल मकान बना हुआ है। वह जनपद ललितपुर के फायर स्टेशन में तैनात हैं, अपनी पत्नी और बच्चों के साथ वहीं रहते हैं। मकान के सामने तथा बगल में दो दरवाजे हैं। बगल के दरवाजे में फाटक नहीं लगे हैं, इसी के अंदर एक और दरवाजा है। दोनों दरवाजों के बीच दीवार में किचन की खिड़की खुलती है। खिड़की में लोहा के पतले सरिया लगे हैं।
2 दिन पहले आनंद के परिवार में एक महिला की मौत हो गई थी, जिसकी कल सोमवार के दिन शुद्धता थी। जिस कार्यक्रम में आनंद का छोटा भाई अजय परिहार, उसकी मां कृष्णकुमारी शामिल हुए थे। अजय ने बताया कि वह अपने घर पर करीब 12:30 बजे आया और 1:00 बजे तक वह, उसकी मां और नानी तीनों लोग सो चुके थे। इसी दौरान चोरों ने मकान में दाखिल होने के लिए बगल के दरवाजे से किचन की खिड़की तोड़ी और किचन में दाखिल हो गए। किचन की कुंडी नहीं लगी थी, जिससे एक चोर आसानी से मकान में घुस गया। चोर ने अंदर जाकर किचन की कुंडी खोली और बगल का दरवाजा खोल दिया, जिससे बाकी अज्ञात चोर भी मकान के अंदर आ गए। उन्होंने अजय के कमरे के गेट लगा दिए और बगल के कमरे में रखी दो गोदरेज अलमारियों के लांक तोड़ दिये। दोनों गोदरेज में कृष्णकुमारी तथा उसकी दोनों बहुओं के जेवर रखे थे।
अजय ने कहा कि उसकी शादी 1 बर्ष पहले हुई थी, जिसका पूरा सोने-चांदी का जेवर उन्हीं गोदरेज में रखा था। चोरों ने बड़ी सफाई से पूरा माल समेट लिया। इसके बाद वह बगल के एक और कमरे में दाखिल हुए, जिसमें रखें बक्से का ताला तोड़ा और उसमें से भी पुश्तैनी जेवरात गायब कर दिए। इसके अलावा उन्होंने करीब 25,000 रु. नकद भी चोरी किये। वह चोरी करते रहे अजय ने बताया कि उसे खटपट की आवाज आई तो उसने सोचा कि उसकी मां शायद पानी पीने के लिए जागी होगीं। चोरों ने बड़ी कलाकारी से अपना हाथ साफ किया और वह लाखों की चोरी करके भाग गए।
करीब 3:00 बजे अजय की नानी जागी और उन्होंने आंगन में जाकर देखा तो कमरों के दरवाजे खुले हुए थे। वह कमरे में गई और देखा तो सामान बिखरा तथा गोदरेज खुली हुई थी। जिसे देखकर वह चिल्लाई और उन्होंने अजय को जगाया। अजय ने मंजर देखा तो उसके पसीने छूट गए। उसने तत्काल इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी, मौके पर पुलिस पहुंची। जल्द ही मोंठ थाना पुलिस को सूचना मिल गई, इंचार्ज प्रभारी सुबोध सिंह, हल्का इंचार्ज विनीत कुमार मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए। सुबह होते ही आनंद ललितपुर से कुम्हरार आ गया, पुलिस क्षेत्राधिकार लक्ष्मीकांत गौतम ने पहुंच कर आनंद से जानकारी ली और क्षेत्र में कैमरे खंगाले। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित मोंठ थाने में तहरीर देने आए थे।
इस मामले में पुलिस क्षेत्राधिकार लक्ष्मीकांत गौतम ने कहा कि ग्राम कुम्हारार में विगत रात चोरी होने की सूचना पर एसपी ग्रामीण ने मौका मुआयना किया। स्थानीय पुलिस सहित सर्विलांस टीम और एसओजी टीम ने पहुंच कर जांच पड़ताल की है। शिकायत के आधार पर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
-----------
By: Manoj Kumar niralaa




