Yuvaa voice:
मोंठ। मंगलवार को थाना परिसर में कोतवाल की अध्यक्षता में क्षेत्र के सभी डीजे संचालकों के साथ एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आगामी बोर्ड परीक्षाओं और पर्वों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना था। कोतवाल ने डीजे संचालकों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी कार्यक्रम में उत्तेजक, अभद्र या अश्लील गीत न बजाए जाएं।
उन्होंने विशेष रूप से जोर दिया कि तेज़ ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। डीजे की आवाज को सीमित रखना अनिवार्य होगा, ताकि बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कोतवाल ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे भड़काऊ गीत, जो किसी जाति, धर्म या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं, पूरी तरह से वर्जित होंगे। अगर कोई डीजे संचालक इन निर्देशों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
बैठक के दौरान कोतवाल ने सभी संचालकों से सहयोग की अपील की और कहा कि सभी को मिलकर क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखना है। उन्होंने यह भी कहा कि पर्वों के दौरान पुलिस प्रशासन क्षेत्र में गश्त बढ़ाएगा और नियमों का पालन सुनिश्चित करेगा। बैठक में कस्बा इंचार्ज अशोक कुमार उपनिरीक्षक पूजा सोलंकी मौजूद थे।
