Yuvaa voice:
मोंठ। खेलो इंडिया अभियान के तहत मोंठ हाइवे नजदीक बन रहे मिनी स्टेडियम का गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने निरीक्षण किया। 5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रहा यह स्टेडियम 5 एकड़ भूमि पर बनाया जा रहा है, जिसका निर्माण कार्य बर्ष 2025 के अंतिम माह तक पूर्ण होने की संभावना है।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाई गई तो ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
यह मिनी स्टेडियम झांसी ग्रामीण क्षेत्र का पहला स्टेडियम होगा, जो गरौठा विधानसभा क्षेत्र के मोंठ, समथर, पूंछ, शाहजहांपुर, एरच, गुरसराय और गरौठा के युवाओं को खेलों में अपनी प्रतिभा निखारने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। विधायक ने कहा कि इस स्टेडियम के माध्यम से क्षेत्र के युवा जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकेंगे।
गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर मोंठ क्षेत्र को इस मिनी स्टेडियम की सौगात दी थी। उन्होंने बताया कि स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखा गया था, जिसे स्वीकृति मिलने के बाद खेल मंत्री और जिला स्तरीय अधिकारियों के सहयोग से इस परियोजना को शुरू किया गया।
मिनी स्टेडियम का शिलान्यास वर्ष 2023 के अंतिम माह में किया गया था और अब तक लगभग 40% कार्य पूरा हो चुका है। विधायक ने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की समीक्षा की और पाई गई कमियों को जल्द सुधारने के निर्देश दिए। इस अवसर पर भाजपा नेता राजा जौरा, ठेकेदार योगेश कुमार सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन उपयुक्त संसाधनों के अभाव में वे अपने हुनर को राष्ट्रीय स्तर तक नहीं ले जा पा रहे हैं। इस मिनी स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य तेजी से जारी है और वर्ष 2025 के अंत तक इसे पूर्ण रूप से तैयार कर क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए खोल दिया जाएगा।
