Yuvaa voice:
पूंछ। थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। ग्राम धौरका निवासी 35 वर्षीय प्रदीप अहिरवार पुत्र कामता प्रसाद, जो अपने मामा के घर ग्राम चांदनी, जनपद जालौन गया हुआ था, हादसे का शिकार हो गया।
रविवार दोपहर जब प्रदीप अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी सिकंदरा के पास झांसी डिपो की एक तेज रफ्तार बस ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रदीप सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को मोंठ सीएचसी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रदीप की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया है।
मृतक के बड़े भाई दिनेश अहिरवार ने बताया कि प्रदीप मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी 9 वर्षीय बेटी कीमती और 6 वर्षीय बेटा बाबू स्कूल में पढ़ते हैं। प्रदीप की असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
By: Neeraj lakhera
