Yuvaa voice:
पूंछ। थाना अध्यक्ष अरुण कुमार तिवारी ने शिक्षा के प्रति पहल करते हुए समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया है। उन्होंने आधा दर्जन बच्चों का स्कूल में दाखिला कराया और शिक्षण सामग्री वितरित की है। उन्होंने कहा- शिक्षा मानवीय जीवन का अहम पहलू है।
बताया गया है कि पूंछ थाना परिसर में आवास, विवेचना कक्षा आदि का निर्माण चल रहा है। इस निर्माण में लगे मजदूर झोपड़ी बनाकर निवास कर रहे हैं। उन मजदूरों के करीब आधा दर्जन बच्चे थाना परिसर में उछल कूद कर रहे थे। उन्हें परिसर में खेल-कूद करते हुए थानाध्यक्ष ने देखा। पूछने पर बच्चों के मां-बाप ने बताया कि वह बच्चों को पढ़ाने के लिए आर्थिक रूप से सक्षम नहीं है। इस पर थानाध्यक्ष ने बच्चों को पुलिस वाहन में बिठाया और कस्बा के स्कूल में पहुंच गए। उन्होंने प्रधानाध्यापक और स्कूल के स्टाफ से निवेदन करते हुए बच्चों की स्थिति बताई और स्कूल में दाखिला करने का निवेदन किया। अध्यापकों ने भी थाना प्रभारी की मानवीय पहल को समझते हुए 8 बर्षीय जिगर, 6 बर्षीय चाहत, 8 बर्षीय जीत, 6 बर्षीय तमन्ना और करीब 9 बर्षीय दीपिका का दाखिला स्कूल में कर लिया। वहीं बच्चों को बाजार से स्कूल का बस्ता, कांपी, किताबें, पेन, पेंसिल आदि दिलाये। जिसे पाकर बच्चों के फूल से चेहरे खिल उठे। बच्चों के अभिभावकों ने भी अरुण कुमार तिवारी का शुक्रिया करते हुए सराहना की है।
थाना प्रभारी अरुण कुमार तिवारी ने कहा- "शिक्षा हमारे जीवन का अहम पहलू है। इसके बिना हम कुछ भी नहीं। वो शिक्षा ही है, जो हमें समाज में सम्मान और प्रतिष्ठा दिलाती है।" उन्होंने कहा- "अधिकतर बच्चे अशिक्षा के कारण अपराधी बन जाते हैं या पूरा जीवन गरीबी से अंधकार में बिता देते हैं। बच्चों को स्कूल भेजने के साथ-साथ उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।"
By: Neeraj lakhere


