मोंठ। नगर पंचायत की अतिक्रमण हटाओ कार्यवाही के बाद व्यापारी नेता हर्षित अग्रवाल ने व्यापारियों को परेशान करने के आरोप लगाए हैं। वही चेयरमैन प्रतिनिधि देवेंद्र गोसाई ने सिरे से आरोपों को खारिज कर दिया।
सोमवार को नगर पंचायत की एक टीम ने नगर में अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान छेड़ दिया। जिन व्यापारियों ने दुकान के बाहर फुटपाथ और सड़क तक अस्थाई अतिक्रमण किया था, उनके खिलाफ कार्यवाही करते हुए चालान काट दिए। जिससे व्यापारियों में हलचल मच गई। बताया गया है कि कटरा बाजार, मुख्य सड़क के दोनों ओर, बस स्टैंड तक अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया गया। अधिकतम 100, 200 और 300 रुपए का चालान किया गया। हाथ ठेला वालों तथा फुटपाथ पर दुकान लगाने वालों को हिदायत देकर छोड़ दिया गया। जानकारी के मुताबिक आगामी कल भी नगर पंचायत की अतिक्रमण हटाओ कार्यवाही जारी रहेगी।
-
कार्यवाही का विरोध करते हुए उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी हर्षित अग्रवाल ने कहा- "नगर पंचायत की टीम ने कार्यवाही करते हुए व्यापारियों को परेशान किया है। उनकी 500 से लेकर 2500 तक की रसीद काटी गई। कहा कि विगत दिनों एक बैठक में व्यापारियों के नाले के पीछे तक रहने और नाली के आगे आने पर कार्यवाही की बात हुई थी। नगर पंचायत की टीम का कहना है की दुकानों के सामने वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। जबकि नगर पंचायत ने अब तक कई बार कहने के बावजूद भी पार्किंग की व्यवस्था नहीं की है। ऐसे में ग्राहक मजबूरन दुकान के सामने वाहन खड़े करते हैं।" व्यापारी नेता ने कहा- "नाली पर अनेकों पक्के मकान बने हुए हैं। उनके खिलाफ तो कोई कार्यवाही नहीं की जा रही। जब भी ऐसी कार्यवाही हो व्यापारियों के साथ बैठक की जाए।"
-
इस पर चेयरमैन प्रतिनिधि देवेंद्र गोसाई ने कहा- "अधिशासी अधिकारी के आदेश पर विगत दो दिनों से नगर में ऐलान करके अतिक्रमण हटाने की सूचना दी गई थी। यहां तक कि पार्षदों के साथ वह स्वयं व्यापारियों से मिलकर अस्थाई अतिक्रमण हटाने का निवेदन किया था। इसके बावजूद अतिक्रमण न हटने पर कार्यवाही की गई है। नियमानुसार कार्यवाही करते हुए अभियान चलाया गया। किसी व्यापारी को परेशान नहीं किया गया। जबकि आरोप गढ़ने वाले व्यापारियों ने ही अस्थाई अतिक्रमण किया हुआ है।"

