झांसी। शाहजहांपुर थाना क्षेत्र में ग्राम बकुवा के पास विद्युत पोल से लदा ट्रैक्टर-ट्राली असंतुलित होकर पलट गया। जिसके नीचे दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं पुलिस ने ट्रैक्टर के नीचे दबे दो व्यक्तियों को सूझबूझ से निकाला। सीएचसी में उपचार के लिए भर्ती कराया।
बताया गया है कि विद्युत पोल से लदा एक ट्रैक्टर मोंठ से भांडेर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह शाहजहांपुर थाना क्षेत्र में ग्राम बकुआं के पास पहुंचा। विद्युत खंभों की वजह से उसका संतुलन बिगड़ा और वह पलट गया। जिसके नीचे उस पर सवार करीब तीन लोग दब गए। स्थानीय लोगों ने शाहजहांपुर थाना अध्यक्ष सुदीप कुमार को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर के नीचे दबे तीन लोगों को बाहर निकाला और पुलिस वाहन से मोंठ सीएचसी में भर्ती कराया। जहां सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी हरिमोहन सिंह सीएचसी पहुंचे। वहां, चिकित्सकों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और मध्य प्रदेश दतिया के ग्राम सरसई निवासी 27 बर्षीय दीपू को मृत घोषित कर दिया। वहीं 35 बर्षीय संजय पुत्र काशीराम निवासी छौर, कालपी, जालौन तथा 32 बर्षीय भगवतप्रसाद पुत्र नारायण प्रसाद निवासी ग्राम रेव की हालत नाजुक होने पर उन्हें झांसी रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर झांसी मुर्दाघर भेज दिया।

