झांसी। पूंछ थाना में तैनात एक दरोगा ने बृद्ध के घर में घुसकर उस पर रिवॉल्वर तानकर उसके लड़के को जान से मारने की धमकी दी। घर में स्नान कर रही उसकी पत्नी के साथ गाली-गलौज की और बृद्ध को भी जातिसूचक गालियां देकर अपमानित किया। धमकी देते हुए पैसों की मांग करने लगा। पीड़ित ने पुलिस क्षेत्राधिकार से शिकायत करते हुए आरोप लगाए हैं।
सीओ से शिकायत करते हुए पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम सेरसा निवासी दशरथ सिंह ने बताया कि वह बीते कल 27 अक्टूबर को अपने घर पर था। तभी पूंछ थाना में तैनात दारोगा सिपाही के साथ दरवाजे तोड़ते हुए गर के भीतर दाखिल हो गया। प्रार्थी के साथ गाली-गलौज करने लगा तो प्रार्थी ने कहा कि "वह सहायक विकास अधिकारी है, उसे इस प्रकार गाली नहीं दे सकते।" जिसपर दारोगा बोला कि "अगर तेरा लड़का मिल गया तो उसे जान से मार देंगे।" प्रार्थी ने बताया- "उसकी पत्नी स्नान कर रही थी, उसके साथ भी गाली-गलौज की। गुस्से में सीने पर रिवाल्वर तान कर कहा- तेरे बेटे ने पैसे नहीं दिए हैं। कल तक पैसा आ जाए नहीं तो तुझे और तेरे बेटे को जान से मार देंगे। बेटे को झूठे मुकदमे में फंसा दिया जाएगा।" प्रार्थी ने बताया- "उक्त दरोगा आए दिन शराब पीकर गांव में गाली-गलौज तथा लोगों से अवैध वसूली करता है।"
पीड़ित ने कहा कि उसके या उसके परिवार के साथ कोई भी अप्रिय घटना घटित होती है तो उसका जिम्मेदार उक्त दरोगा रहेगा। उसने पुलिस क्षेत्राधिकार से तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
