Yuvaa voice:
झांसी। शाहजहांपुर थाना क्षेत्र में जब दबंग के कहने पर एक दलित मजदूर उनके यहां मजदूरी करने नहीं गया तो इससे क्षुब्ध होकर कुछ दबंग उसके घर में घुस गए और पत्नी के साथ मारपीट छेड़खानी कर दी। महिला ने पुलिस से शिकायत की लेकिन कार्यवाही नहीं हुई। उसने पुलिस क्षेत्राधिकार से न्याय की गुहार लगाई है।
शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला ने सीओ मोंठ को लिखित तहरीर देकर बताया- "विगत 23 अक्टूबर को उसके गांव का दबंग पूर्व प्रधान उसके घर आया और उसके पति से बाहर गांव जाकर अपने रिश्तेदारों के यहां मजदूरी करने के लिए कहने लगा। जब उसके पति ने बाहर गांव जाकर मजदूरी करने से मना कर दिया तो उक्त दबंग इससे क्षुब्ध होकर कहने लगा कि अगर गांव में रहना है तो उसके यहां मजदूरी करने जाना होगा।"
कहा- "वह दबंग अपने दो अज्ञात साथियों के साथ 24 अक्टूबर को नशे की हालत में उसके घर के अंदर दाखिल हो गया। जब उसने पीड़िता से उसके पति के बारे में पूछा तो बताया कि वह खेत पर गए हैं और आपके यहां मजदूरी करने नहीं जा पाएंगे। बस फिर क्या था, इतना सुनते ही उक्त दबंग लोग अभद्रता करते हुए जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने लगे। गाली-गलौज करने लगे, जब प्रार्थिया ने इसका विरोध किया तो उक्त लोग मारपीट पर आमादा हो गए।"
पीड़िता ने लिखा- "दबंगों ने उसके साथ मारपीट की और उसका हाथ पकड़ कर प्राइवेट अंगों को पकड़ लिया। इस हरकत से वह भयभीत हो गई। उक्त दबंग मारपीट करने के बाद जान से मारने की धमकी देकर चले गए। यहां वह धरती पर गिर पड़ी और काफी देर तक रोती-बिलखती रही। जब उसका पति खेत से लौट कर आया तो वह शाहजहांपुर पुलिस से शिकायत करने पहुंची लेकिन अब तक कोई कठोर कार्यवाही नहीं हुई।"
प्रार्थिया ने पुलिस क्षेत्राधिकारी से दबंगों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की मांग की है।
By: Manoj Kumar niralaa


